Home » मुजफ्फरनगर » बदला, हुस्न और ‘हनीट्रैप’: एक कार की टक्कर ने कैसे लिखा लूट और अपहरण का खौफनाक स्क्रीनप्ले?

बदला, हुस्न और ‘हनीट्रैप’: एक कार की टक्कर ने कैसे लिखा लूट और अपहरण का खौफनाक स्क्रीनप्ले?

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: क्या एक मामूली सड़क हादसे की रंजिश किसी को अपराधी बना सकती है? क्या एक प्रेमिका अपने प्रेमी को बदला लेने के लिए जुर्म की आग में झोंक सकती है? मुजफ्फरनगर की रामराज पुलिस ने एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। जहां ‘हनीट्रैप’ का जाल बुना गया और पुरानी रंजिश का हिसाब चुकता करने के लिए अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

वो ‘टक्कर’ जिसने दिल में नफरत भर दी:

कहानी शुरू होती है तीन महीने पहले, जब जोली गांव की सड़क पर एक स्विफ्ट कार और एक बाइक की भिड़ंत हुई। कार सवार था शमरेज और बाइक पर था समीर। सड़क पर हुई मामूली कहासुनी ने तब तूल पकड़ लिया जब समीर ने पुलिस बुलाकर शमरेज की कार को सीज करवा दिया। शमरेज के लिए यह सिर्फ कार का सीज होना नहीं था, बल्कि उसकी ‘मर्दानगी’ पर चोट थी। वह अपमान की आग में जल रहा था।

प्रेमिका का ‘उकसावा’ और फर्जी प्यार का जाल:

शमरेज ने जब अपनी आपबीती अपनी प्रेमिका को सुनाई, तो मरहम लगाने के बजाय उसने आग में घी डालने का काम किया। प्रेमिका ने शमरेज को बदला लेने के लिए उकसाया और शुरू हुआ साजिश का खेल। सोशल मीडिया पर एक फर्जी आईडी बनाई गई और समीर के भाई तालिब को निशाने पर लिया गया। मीठी-मीठी बातों के जाल में फंसे तालिब को खबर भी नहीं थी कि वह जिस ‘हुस्न’ के बुलावे पर 4 मई को मिलने जा रहा है, वहां मुसीबत और बड़ी साजिश उसका इंतजार कर रही थी

सड़क पर घेराबंदी और जंगल में ले जाकर वारदात:

तालिब जब प्रेमिका से मिलने के लिए स्कूटी से निकला, तो हाशमपुर ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही उसी स्विफ्ट कार ने उसे जोरदार टक्कर मारी। तालिब गिरा, और इससे पहले कि वह संभल पाता, कार सवार बदमाशों ने उसे हथियारों के बल पर अगवा कर लिया। उसे ग्राम मुझेडा के एक सुनसान बाग में ले जाया गया। वहां पिस्टल की नोक पर उसे पीटा गया, उसकी जेब से नकदी और एटीएम कार्ड छीन लिया गया। एसटीएम कार्ड का पिन पूछने के बाद जानसठ जाकर 20 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल को तालिब के हाथ में थमाकर उसका वीडियो बनाया और धमकी दी कि अगर पुलिस को बताया, तो ये वीडियो वायरल कर देंगे।”

पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और अंजाम:

एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक और सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि वारदात के बाद जब पुलिस को सूचना मिली तो कई टीमें एक्टिव हुईं। 6 मई को पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता (शमरेज की प्रेमिका) और उसके साथी नईम, अनस और सुमित सैनी को जेल भेजा, लेकिन मास्टरमाइंड शमरेज और उसके करीबी साथी अब भी फरार थे। सात मई की सुबह रामराज पुलिस और एसओजी देहात ने टिकौला गंगनगर पुल पर घेराबंदी कर शाहरूख पुत्र उम्मेद अली, शमरेज पुत्र इमरान और अरमान पुत्र सुलेमान (तीनों निवासी ग्राम मुझेडा, थाना मीरापुर) को गिरफ्तार कर लिया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने इनके पास से न सिर्फ वह ‘स्विफ्ट कार’ (DL5C53461) बरामद की जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था, बल्कि एक टीवीएस अपाचे बाइक, पीड़ित का एटीएम, पैन कार्ड और लूटी गई राशि में से 3150 रुपये भी बरामद किए। साथ ही एक अवैध पिस्टल और चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे तालिब को डराया गया था। एसपी देहात ने बताया कि पिस्टल आरोपी शाहरुख की थी।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:

इस मामले का खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में इन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की मुख्य भूमिका रही:

  • थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिरोही (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • एसएसआई जयसिंह नागर (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • उपनिरीक्षक हर्षित शर्मा (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • उपनिरीक्षक दिनेश कुमार (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • उपनिरीक्षक मोहित चौधरी (प्रभारी एसओजी देहात, मुजफ्फरनगर)
  • हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार (एसओजी देहात, मुजफ्फरनगर)
  • हेड कांस्टेबल सोनू कुमार (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • कांस्टेबल राजकुमार (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • कांस्टेबल धर्मेन्द्र (थाना रामराज, मुजफ्फरनगर)
  • कांस्टेबल दीपक कुमार (एसओजी देहात, मुजफ्फरनगर)
  • कांस्टेबल प्रशान्त सिरोही (एसओजी देहात, मुजफ्फरनगर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market