Home » राजनीति » विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सुगबुगाहट तेज, कांग्रेस में टिकट के लिए मची ‘होड़’, दिग्गजों ने ठोंकी दावेदारी

विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सुगबुगाहट तेज, कांग्रेस में टिकट के लिए मची ‘होड़’, दिग्गजों ने ठोंकी दावेदारी

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट तेज होते ही जनपद मुजफ्फरनगर में सियासी पारा चढ़ने लगा है। सभी राजनीतिक दलों के नेता अपनी-अपनी पसंदीदा सीटों पर जमीन तैयार करने और दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं। हालांकि, मुजफ्फरनगर जनपद में कांग्रेस पार्टी सांगठनिक और जमीनी स्तर पर अन्य दलों के मुकाबले कुछ कमजोर जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन चुनाव लड़ने की दिलचस्पी रखने वाले नेताओं की फेहरिस्त यहां काफी लंबी है। टिकट की आस में कांग्रेसी दिग्गजों की दावेदारी ने पार्टी के भीतर हलचल तेज कर दी है। आइए डालते हैं जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के संभावित चेहरों और उनकी जमीनी सक्रियता पर एक नजर:

मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा: दिल्ली-लखनऊ की परिक्रमा तेज

सदर सीट पर कांग्रेस के भीतर अंदरूनी मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है।

  • सुबोध शर्मा: पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी सुबोध शर्मा भले ही स्थानीय जिला बैठकों से दूरी बनाए हुए हों, लेकिन लखनऊ से लेकर दिल्ली के दरबार में उनकी हाजिरी लगातार जारी है। वह खुद को इस सीट पर टिकट का सबसे प्रबल दावेदार मान रहे हैं।
  • कमल मित्तल: क्षेत्र में ‘किसान चिंतक’ के रूप में अपनी खास पहचान बनाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल मित्तल भी पूरी मजबूती के साथ सदर सीट से ताल ठोक रहे हैं।
  • अन्य दावेदार: इनके अलावा अब्दुल्ला आरिफ, आकिल राणा और बिल्किश चौधरी भी इस सीट से टिकट की रेस में शामिल हैं।

पुरकाजी विधानसभा: दिग्गजों के बीच कड़ा मुकाबला

सुरक्षित मानी जाने वाली पुरकाजी सीट पर कांग्रेस के कई कद्दावर चेहरे आमने-सामने हैं।

  • पूर्व मंत्री दीपक कुमार अपनी वरिष्ठता के दम पर टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
  • वर्तमान जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया संगठन में अपनी पकड़ के भरोसे मैदान में हैं।
  • महिला विंग से गीता काकरान भी पूरी मजबूती के साथ इस सीट पर अपना दावा पेश कर रही हैं।

चरथावल विधानसभा: नए और पुराने चेहरों पर दांव

चरथावल सीट पर भी टिकटार्थियों की लंबी लाइन है। यहां मुख्य रूप से:

  • कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राकेश पुंडीर।
  • महिला नेत्री बिल्किस चौधरी।
  • स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता नवीन गर्ग प्रमुख दावेदारों के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं।

मीरापुर विधानसभा: पूर्व गृह राज्यमंत्री के बेटे सहित कई बड़े नाम रेस में

मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता लगातार सक्रिय हैं और जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं। पूर्व गृह राज्य मंत्री सइदुलजमा के पुत्र सलमान सईद इस सीट पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोक रहे हैं। किसान कांग्रेस के कद्दावर नेता मनोज चौधरी भी क्षेत्र में लगातार एक्टिव हैं। इसके अलावा आरिफ अब्दुल्ला और सुबोध शर्मा भी इस सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।

खतौली विधानसभा: अंदरूनी रणनीति पर काम शुरू

खतौली विधानसभा सीट से भी कांग्रेस के कुछ चेहरे टिकट के लिए गोटियां बिछाने में जुट गए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यहां से मुकेश शर्मा और आरिफ अब्दुल्ला मुख्य रूप से चुनाव लड़ने के दावेदार हो सकते हैं।

बुढ़ाना विधानसभा: किसान बेल्ट में इन चेहरों पर नजर

जनपद की इस महत्वपूर्ण सीट पर भी कांग्रेस के पुराने और वफादार सिपाही दावेदारी जता रहे हैं।

  • वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल मित्तल।
  • पार्टी के समर्पित नेता तेग बहादुर सैनी।
  • किसान राजनीति से जुड़े सत्यवीर बालियान बुढ़ाना से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों की चर्चा:

चुनाव भले ही 2027 में हों, लेकिन कांग्रेसियों का यह उत्साह साफ जाहिर करता है कि पार्टी भले ही धरातल पर संघर्ष कर रही हो, लेकिन टिकट पाने की चाहत में नेताओं का जोश हाई है। अब देखना यह होगा कि हाईकमान इनमें से किस ‘जिताऊ’ चेहरे पर अपना भरोसा जताता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market