मुजफ्फरनगर: जनपद की थाना नई मंडी पुलिस ने एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र को नाकाम करते हुए 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी क्षेत्र के प्रसिद्ध ‘शुक्रताल मेले’ में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बड़ी लूट, चोरी और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच अवैध चाकू और चोरी व वारदातों में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
बुजुर्ग पिता बनता था ढाल, दो सगे बेटे और साथी करते थे वारदात:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने मामले का हैरतअंगेज खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया यह गिरोह बेहद शातिर किस्म का है। यह गैंग प्रदेश में जहां कहीं भी मेला या नुमाइश लगती है, वहां सक्रिय हो जाता है। इस गिरोह की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें एक बुजुर्ग पिता और उसके दो सगे बेटे भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों में धर्मपाल (पिता) और उसके दो बेटे मोन व सोमवीर शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि गैंग के अन्य सदस्य वारदात को अंजाम देने के बाद लूटा या चोरी किया गया सारा सामान बुजुर्ग धर्मपाल को थमा देते थे। चूंकि धर्मपाल बुजुर्ग है, इसलिए पुलिस या जनता को उस पर शक नहीं होता था। गिरोह धर्मपाल को एक ‘सुरक्षित ढाल’ की तरह इस्तेमाल कर रहा था।
कूकड़ा ग्राउंड के खंडहर में बन रही थी शुक्रताल मेले को लूटने की योजना:
घटनाक्रम के मुताबिक, 25 मई 2026 को थाना नई मंडी पुलिस की टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एनएच-58 के पास कूकड़ा ग्राउंड में बने एक सुनसान खंडहर के अंदर कुछ बदमाश छिपे हैं। वे आपस में शुक्रताल मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की जेब काटने, चेन स्नेचिंग और सामान उड़ाने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाप्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। खंडहर के भीतर बात कर रहे बदमाशों की पुष्टि होते ही पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर मौके से सभी छह आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ये है शामिल:
- अमित पुत्र सोमपाल (निवासी: ग्राम खोखनी, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर)
- रोकी पुत्र उदयपाल (निवासी: ग्राम इस्लामपुर भमौली, थाना कांधला, शामली)
- मोन पुत्र धर्मपाल (निवासी: ग्राम गढ़ी दौलत, थाना कांधला, शामली) – [बेटा]
- सोमवीर पुत्र धर्मपाल (निवासी: ग्राम गढ़ी दौलत, थाना कांधला, शामली) – [बेटा]
- सोनी पुत्र पीरू (निवासी: ग्राम बेहड़ा सादात, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर)
- धर्मपाल पुत्र हरदेवा (निवासी: ग्राम गढ़ी दौलत, थाना कांधला, शामली) – [पिता]
अपराधिक इतिहास की कुंडली:
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी मोन और सोनी के खिलाफ पहले से ही ककरौली, मीरापुर और भोपा थानों में हत्या के प्रयास (307) और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बुजुर्ग पिता धर्मपाल भी पूर्व में भोपा थाने से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस फिलहाल इनके अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क को खंगाल रही है।
सराहनीय भूमिका (पुलिस टीम):
इस शातिर गिरोह को बेनकाब करने में वरिष्ठ उप-निरीक्षक (WSI) गजेंद्र सिंह, उप-निरीक्षक संदीप सिंह, कांस्टेबल मुनेश कुमार, रोहित कुमार, दिनेश बाना, राजीव अत्री, विरेख तेवतिया और धर्मेंद्र कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर रेंज ने भी नई मंडी पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है।




