मुजफ्फरनगर: देहरादून की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मुजफ्फरनगर में एक प्रेस वार्ता (Press Conference) का आयोजन कर अपने पति, सास-ससुर और जेठ-जेठानी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उसे ससुराल में प्रवेश नहीं मिला, तो वह भारतीय किसान यूनियन (भानू) के नेतृत्व में ससुराल के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी।
शादी के बाद से ही शुरू हुआ उत्पीड़न: पीड़िता
प्रेस वार्ता के दौरान देहरादून (ओम सिटी, देहराखास) निवासी अंशिका मित्तल पुत्री श्री संदीप मित्तल ने बताया कि उनका विवाह 22 जनवरी 2022 को मुजफ्फरनगर के थाना नई मण्डी क्षेत्र के लक्ष्मण विहार निवासी विचित्र विजय गुप्ता (सेल्स टैक्स एडवोकेट) के पुत्र अर्चित अग्रवाल (एडवोकेट) के साथ हुआ था। अंशिका का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अर्चित अग्रवाल, ससुर विचित्र विजय गुप्ता, सास पूनम गुप्ता और भाई-भाभी द्वारा मायके से नाजायज पैसों (दहेज) की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की जाती थी।
‘बेदखली’ का अखबार में विज्ञापन सिर्फ एक दिखावा?
पीड़िता ने प्रेस वार्ता में एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि दिनांक 26 जनवरी 2025 को उनके ससुर और सास ने एक दैनिक समाचार पत्र में एक शपथपत्र के माध्यम से व्यक्तिगत सूचना (विज्ञापन) प्रकाशित करवाई थी। इसमें कहा गया था कि पुत्र अर्चित और पुत्रवधू अंशिका का आचरण सही न होने के कारण उन्हें चल-अचल संपत्ति से बेदखल किया जाता है।
पीड़िता अंशिका मित्तल का आरोप:
“यह बेदखली सिर्फ समाज और कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक दिखावा थी। मेरे ससुर ने खुद अपनी पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी की है। आज भी मेरा पति अर्चित अपने माता-पिता के साथ ही रह रहा है और उसे परिवार का पूरा संरक्षण प्राप्त है। जब पति को घर में रखा गया है, तो पत्नी होने के नाते मेरा भी अधिकार है कि मैं अपने ससुराल में या अपने पति के साथ रहूं।”
मांग पूरी न होने पर एक हफ्ते बाद आंदोलन की चेतावनी:
अंशिका मित्तल ने प्रेस वार्ता के माध्यम से समाज, ससुराल पक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया है कि वह अपने अधिकारों के लिए पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने साफ कहा कि यदि उनके ससुराल वालों ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं दिया, तो वह भारतीय किसान यूनियन (भानू) के नेतृत्व में एक सप्ताह बाद अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठ जाएंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उनके ससुराल पक्ष की होगी।
नहीं मिला पति अर्चित का पक्ष:
इस पूरे मामले में जब i Bharat न्यूज़ चैनल की टीम की तरफ से पीड़िता के पति अर्चित अग्रवाल का पक्ष (वर्जन) जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। चैनल द्वारा उन्हें दो बार फोन मिलाया गया, लेकिन दोनों ही बार उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।




