मुजफ्फरनगर: जनपद में प्रशासनिक रसूख का रौब दिखाकर अवैध निर्माण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नुमाइश कैंप (विकास भवन के बराबर वाली बंद गली) का है, जहां एक शख्स ने एसडीएम सदर के आवास पर खाना बनाने के अपने काम को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बना लिया। आरोप है कि इस ‘वीआईपी रसोइये’ ने सरकारी सड़क पर न सिर्फ पक्का अतिक्रमण कर लिया, बल्कि विरोध करने पर पूरे मोहल्ले को देख लेने की धमकी दे डाली।

मंदिर की आड़ में बना डाली ‘सरकारी सड़क’ पर रसोई:
पीड़ित प्रमोद कुमार पुत्र सुखबीर सिंह ने जिलाधिकारी (DM) मुजफ्फरनगर को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। प्रमोद कुमार का आरोप है कि उनके घर के ठीक सामने रहने वाला चंदन सिंह पुत्र बचन सिंह, एसडीएम सदर के आवास पर खाना बनाने का काम करता है। इसी रसूख के दम पर चंदन सिंह ने मोहल्ले की गली में बने एक पुराने मंदिर की आड़ लेकर अपने मकान की रसोई को सड़क पर ही पक्का बनवा दिया।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने मंदिर की छत को अपने मकान की छत से मिलाते हुए पूरा लैंटर डाल दिया। इस अवैध निर्माण के कारण पीड़ित प्रमोद कुमार के मकान का पूरा फ्रंट (सामने का हिस्सा) ढक गया है और हवा-रोशनी तक बंद हो गई है।
“जो करना है कर लो, अतिक्रमण ऐसे ही होगा…”
शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ित और मोहल्ले के अन्य लोगों ने इस खुलेआम दादागिरी का विरोध किया, तो आरोपी चंदन सिंह गाली-गलौज पर उतर आया। उसने साफ शब्दों में एसडीएम साहब के नाम का रौब गालिब करते हुए कहा— “जो करना है कर लो, अवैध अतिक्रमण ऐसे ही करूंगा, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
मंदिर पर भी जड़ दिया ताला, महिलाओं से अभद्रता:
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जब पीड़ित परिवार ने पड़ोस में शांति बनाए रखने के लिए बातचीत से मामला सुलझाना चाहा, तो आरोपी ने प्रार्थी और उसके परिवार की महिलाओं के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र व्यवहार किया। यही नहीं, आरोपी अब पीड़ित परिवार को जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकियां दे रहा है।
बताया जा रहा है कि उक्त मंदिर कई सालों से बना हुआ है और उसमें कोई नियमित पुजारी नहीं है। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने न सिर्फ अवैध निर्माण किया, बल्कि पिछले दो दिनों से मंदिर के मुख्य गेट पर अपना ताला भी लटका दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
DM से गुहार— तुरंत चले बाबा का बुलडोजर!
पीड़ित प्रमोद कुमार ने जिलाधिकारी से लिखित प्रार्थना करते हुए मांग की है कि रसूख के बल पर किए गए इस पक्के अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से तुड़वाया जाए और दबंगई करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन अपने ही ‘खास’ पर क्या एक्शन लेता है!




