मुजफ्फरनगर: अगर कोई राह चलते फब्तियां कसता है, स्कूल-कॉलेज के बाहर मनचले माहौल खराब करते हैं, या कोई सोशल मीडिया पर परेशान कर रहा है—तो अब मुजफ्फरनगर की बहनों-बेटियों को डरने या चुप बैठने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। मुजफ्फरनगर पुलिस ने अपराधियों और हुड़दंगियों के होश ठिकाने लगाने के लिए एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेला है।
‘मिशन शक्ति-5.0’ के तहत अब जिले के सभी थानों की महिला प्रभारियों के हाथ में सरकारी मोबाइल फोन थमा दिए गए हैं। इसका सीधा मतलब ये है कि अब पुलिस की मदद के लिए किसी बड़े नंबर या थानों के चक्कर काटने का झंझट खत्म। बस एक डायरेक्ट कॉल, और लेडी सिंघम सीधे मौके पर हाजिर!

अब झिझक खत्म, ऑन-स्पॉट होगा एक्शन:
अक्सर लड़कियां थानों में जाने या पुलिस के सामने अपनी बात रखने में हिचकिचाती हैं। इसी दूरी को मिटाने के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने यह सीधी कनेक्टिविटी तैयार की है। अब हर इलाके की महिला सुरक्षा टीम का अपना एक स्पेशल नंबर होगा, जिस पर कोई भी पीड़ित महिला सीधे बात कर सकेगी। खास बात ये है कि शिकायत करने वाली की पहचान पूरी तरह गुप्त रहेगी और एक्शन एकदम इंस्टेंट होगा।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने साफ अल्टीमेटम दिया है कि मुजफ्फरनगर की धरती पर महिलाओं से बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मुहिम के जरिए पुलिस और आम जनता के बीच की दीवार को पूरी तरह गिरा दिया गया है, ताकि अपराधी अपनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

सुरक्षा का चक्रव्यूह: मोर्चे पर डटी है टीम
इस पूरे प्लान को जमीन पर उतारने के लिए पुलिस महकमे के बड़े अफसरों ने खुद कमान संभाल ली है। मोबाइल वितरण के इस खास मौके पर एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, सीओ खतौली रूपाली राय और सीओ जानसठ ऋषिका सिंह जैसे कड़क अधिकारियों ने महिला प्रभारियों को ब्रीफ किया और साफ कहा—’शिकायत आते ही एक्शन में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।’
काम की बात: मुजफ्फरनगर पुलिस जल्द ही इन सभी थानों के मिशन शक्ति प्रभारियों के मोबाइल नंबर पब्लिक करने जा रही है। अगर आप मुजफ्फरनगर में रहती हैं या आपकी कोई दोस्त या रिश्तेदार यहाँ है, तो इन नंबर्स को अपने फोन में जरूर सेव कर लीजिएगा। डरिए मत, सीधे कॉल घुमाइए!




