मुजफ्फरनगर: जनपद में सोनार समाज ने अपने आराध्य और गौरव महाराजा अजमीढ़ की प्रतिमा व स्मारक स्थापित करने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। लंबे समय से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे समाज का धैर्य अब जवाब दे गया है। ‘श्री मेढ क्षत्रिय सोनार समाज समन्वय समिति’ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी यह जायज मांग पूरी नहीं हुई, तो आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का न केवल पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा, बल्कि पूरे प्रदेश में निर्दलीय उम्मीदवार उतारकर राजनीतिक दलों को ताकत का अहसास कराया जाएगा।

अध्यक्ष पवन वर्मा के आवास पर हुई बैठक:
भगत सिंह रोड स्थित अलकनंदा ज्वेलर्स के स्वामी सुनील वर्मा की अध्यक्षता और समिति के कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा के संचालन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन समिति के अध्यक्ष पवन वर्मा सर्राफ के आवास पर किया गया। बैठक में जनपदभर से आए सोनार समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया और एकजुटता का संकल्प लिया।
‘प्रस्ताव पास होने के बाद भी जनप्रतिनिधि कर रहे दरकिनार’:
समिति के महासचिव सुनील वर्मा ने बैठक में प्रशासनिक और राजनीतिक उपेक्षा पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक में शामली रोड पर खाली पड़ी जमीन को महाराजा अजमीढ़ की मूर्ति स्थापना के लिए प्रस्ताव के माध्यम से स्वीकृति दी गई थी। इस प्रस्ताव को विभागीय प्रक्रिया के तहत सहारनपुर कमिश्नरी से भी हरी झंडी मिल चुकी है। इसके बाद समाज का प्रतिनिधिमंडल नगर विधायक व राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से भी मिला था, ताकि शासन स्तर से इसे अंतिम मंजूरी दिलाई जा सके। महासचिव ने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर में अन्य कई चौराहों और मार्गों को महापुरुषों के नाम पर सुसज्जित किया गया है, लेकिन सोनार समाज के इस बेहद महत्वपूर्ण मामले को जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार दरकिनार किया जा रहा है।
आर-पार की लड़ाई के मूड में समाज: दी ये बड़ी चेतावनियां
सोनार समाज ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द ही स्थान चिन्हित कर आगे की कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। समाज ने दो टूक शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश का समस्त सोनार समाज आने वाले विधानसभा चुनाव में वोट नहीं डालेगा। निर्दलीय उम्मीदवार उतारने का एलान करते हुए कहा कि अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में समाज के निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे।
बैठक में ये गणमान्य लोग रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से समन्वय समिति के उपाध्यक्ष शिवकुमार वर्मा, प्रवक्ता महेश वर्मा, प्रवीण वर्मा, रामकुमार वर्मा, नरेश कुमार वर्मा, रोहताश वर्मा, हिमांशु वर्मा, हीरालाल वर्मा, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार वर्मा, सचिन वर्मा, कोकील वर्मा, त्रष कुमार मास्टर जी, सुरेश चंद्र वर्मा, नरेंद्र वर्मा एडवोकेट, संजय वर्मा सर्राफ (कटरा मोचियांन), शिवम वर्मा, भोला सर्राफ, रवींद्र वर्मा (बिरालसी वाले), योगेश वर्मा, सुशील वर्मा (शामली वाले), मास्टर अनिल कुमार, सुनील कुमार, रूपचंद वर्मा, गौरव वर्मा, आशु वर्मा, राहुल वर्मा, शुभम वर्मा, बृजमोहन वर्मा (तहसील वाले), विजय वर्मा, मनोज वर्मा, शशांक वर्मा और संजीव वर्मा सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
“यह केवल एक प्रतिमा लगाने का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे समाज के सम्मान, अस्मिता और पहचान से जुड़ा मुद्दा है। अब अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” — पवन वर्मा, अध्यक्ष (श्री मेढ क्षत्रिय सोनार समाज समन्वय समिति)
सोनार समाज के इस कड़े रुख और चुनाव बहिष्कार के एलान के बाद मुजफ्फरनगर सहित पूरे पश्चिम यूपी के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि स्थानीय प्रशासन और सरकार इस पर क्या त्वरित कदम उठाती है।




