मुजफ्फरनगर: चंद रुपयों की खनक के आगे क्या डॉक्टरों का जमीर इस कदर मर चुका है कि उन्हें किसी की जिंदगी की कोई परवाह ही नहीं? मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड स्थित ‘इंडियन हॉस्पिटल’ से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार और तीमारदारों का खून खौला देने वाली खबर सामने आई है। इलाज के नाम पर सिर्फ ‘मोटे ठेके’ लेने वाले इस अस्पताल की कथित लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। 27 वर्षीय गर्भवती महिला सोनम के गर्भ में पल रहे मासूम की तो मौत हो ही गई, आरोप है कि डॉक्टरों की घोर लापरवाही के चलते अब वो खुद भी मेरठ के अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

30 हजार का ‘सौदा’, उपचार में लापरवाही का आरोप
मामला पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव कैल्लनपुर का है। अरविंद अपनी 27 वर्षीय गर्भवती पत्नी सोनम को एक नई उम्मीद के साथ 18 जून को इस अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड का हवाला देकर कहा कि बच्चे की धड़कन कम है और मरीज को भर्ती कर लिया। आरोप है कि डॉक्टरों ने महिला को सुरक्षित बचाने के नाम पर ₹30,000 का बाकायदा ‘ठेका’ (सौदा) लिया था। ऑपरेशन के बाद बच्चा मृत पैदा हुआ। परिजनों का सीधा आरोप है कि डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती कि सोनम की हालत बद से बदतर हो गई। जब पानी सिर से ऊपर चला गया और मामला बिगड़ गया, तो अस्पताल प्रशासन ने अपनी गर्दन बचाने के लिए आनन-फानन में महिला को मेरठ रेफर कर दिया।
अस्पताल में भारी हंगामा, हिंदू संगठनों ने ठोका डेरा
शनिवार को जैसे ही यह खबर फैली, पीड़ित परिजनों का सब्र का बांध टूट गया। ‘अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल’ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पीड़ितों के समर्थन में आ गए। अस्पताल के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन और हंगामा शुरू हो गया। संगठन के नेताओं ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि “जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा तब तक शांत नहीं बैठेंगे।
जब जांच करने पहुंचे डिप्टी CMO, तो उड़ गए डॉक्टरों के तोते
हंगामे की गूंज शासन-प्रशासन तक पहुंची तो आनन-फानन में डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार और डॉ. महक सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब आईपीडी (IPD) में चल रहे इलाज के दस्तावेजों को खंगाला और संबंधित डॉक्टरों से कड़े सवाल किए, तो डॉक्टरों के तोते उड़ गए। वे कोई संतोषजनक जवाब तक नहीं दे सके।
डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने बताया:
संबंधित डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के निर्देशानुसार विशेष बोर्ड का गठन कर अग्रिम जांच बैठाई जाएगी। पीड़ित परिवार ने थाना सिविल लाइन में डॉक्टरों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीलिंग की कार्रवाई भी झेल चुका है यह अस्पताल
यह कोई पहला मौका नहीं है जब इंडियन हॉस्पिटल पर इस तरह के संगीन आरोप लगे हों। यह अस्पताल इलाके में लापरवाही के लिए बदनाम हो चुका है। इससे पहले भी कई मामलों को लेकर इस अस्पताल को सील किया जा चुका है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार अपने मरीज की जान बचाने के लिए मेरठ की ओर दौड़ रहा है।




