मुजफ्फरनगर: जनपद में एक बार फिर भक्ति की अविरल धारा बहने जा रही है। इस्कॉन प्रचार समिति द्वारा पिछले 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को निरंतर रखते हुए, इस वर्ष भी साक्षी गोपाल दास के पावन सानिध्य में भव्य श्रीमद् भागवत कथा और भगवान जगन्नाथ जी की विशाल रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में आयोजित एक प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान की संपूर्ण रूपरेखा साझा की और सभी नगरवासियों को इसमें सम्मिलित होने का भावभीना निमंत्रण दिया।
इस वर्ष श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन नई मण्डी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने जा रहा है। यह कथा 21 जून 2026 दिन रविवार से शुरू होकर 28 जून 2026 दिन रविवार तक चलेगी। कथा का समय प्रतिदिन सायं 7:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक रहेगा। इस दिव्य कथा के दौरान विशेष आकर्षण भी रहेंगे, जिसमें कथा के तीसरे दिन भव्य ‘कृष्ण जन्मोत्सव’ और पांचवें दिन अलौकिक ‘गोवर्धन लीला’ का प्रसंग बड़े ही धूमधाम से संकीर्तन के साथ जीवंत किया जाएगा। इसके साथ ही, कथा श्रवण के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन कथा की समाप्ति के बाद विशाल भंडारे और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
नगर को पूरी तरह कृष्णमय बनाने और जन-जन तक हरिनाम संकीर्तन का पावन संदेश पहुँचाने के उद्देश्य से प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी रोजाना प्रातः 7:00 बजे से शुरू होकर शहर के विभिन्न स्थानों और मोहल्लों से अलग-अलग दिन निकाली जाएगी, ताकि घर-घर हरिनाम संकीर्तन गूंज सके।
श्रीमद् भागवत कथा के समापन के उपरांत, आगामी 21 जुलाई 2026 को भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव और बहन सुभद्रा जी के साथ नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस भव्य रथयात्रा का शुभारंभ सायं 4:00 बजे नई मण्डी स्थित मेहता क्लब से होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है। इस्कॉन प्रचार समिति ने सभी मुजफ्फरनगर वासियों से करबद्ध अपील की है कि वे प्रतिदिन कथा, प्रभात फेरी एवं भव्य रथयात्रा में सपरिवार पधारकर भगवान जगन्नाथ जी का असीम आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य के भागीदार बनें।
इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में इस्कॉन प्रचार समिति के प्रमुख सेवादार लावण्य पुरी, राकेश अग्रवाल, गिरीश अरोरा, पंकज अग्रवाल, कुलवन्त सिंघल (काकन जी), सुरेन्द्र अग्रवाल, मनोज खण्डेलवाल, संजीव बत्रा, राकेश वर्मा, संदीप माहेश्वरी, रविकान्त सिंघल, राजीव गुप्ता, स्वपनिल गुप्ता, अंकुर अग्रवाल, नवनीत भारद्वाज, मनीष गर्ग, राजेश गर्ग, हरीश, सतीश, लोकेश, सत्यम, सरगम सक्सैना, नीरज गोयल, सोनू भाई, विवेक गुलाटी, मोहित बंसल, सचिन, आशीष और शशांक आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




