Home » मुजफ्फरनगर » कृषि विभाग में सरकारी नौकरी के नाम पर ‘बड़ा खेल’: फर्जी जॉइनिंग लेटर देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली-यूपी के दो ठग धरे

कृषि विभाग में सरकारी नौकरी के नाम पर ‘बड़ा खेल’: फर्जी जॉइनिंग लेटर देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली-यूपी के दो ठग धरे

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: अगर आप या आपके परिचित भी सरकारी विभागों में संविदा (Contracutal) या पक्की नौकरी की तलाश में हैं, तो सावधान हो जाइए। उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस ने बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने कृषि विभाग और आयकर विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को दबोचा है।

पकड़े गए ठगों के पास से भारत सरकार के कृषि एवं कल्याण मंत्रालय के फर्जी एम्प्लॉय रजिस्ट्रेशन, फर्जी जॉइनिंग लेटर और लग्जरी कार समेत भारी मात्रा में कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए हैं।

डेढ़ लाख रुपये लेकर थमा दिया ‘फर्जी’ जॉइनिंग लेटर:

इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित दीपक निवासी मन्धेड़ा, शाहपुर ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने कृषि विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उससे डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए और बदले में भारत सरकार का एक जॉइनिंग लेटर थमा दिया। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने पुलिस की शरण ली।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और एसपी सिटी अमृत जैन के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान की टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी देख चौंकी पुलिस: सरकारी विभागों के फर्जी लेटर पैड और फॉर्म बरामद

पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली और उनकी ब्रेजा कार की जांच की, तो उनके पास से जो दस्तावेज मिले, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। पुलिस ने मौके से नीचे दिए गए यह सामान बरामद किया है।

  • लग्जरी वाहन: ब्रेजा कार (UP14 DS 7020)
  • फर्जी दस्तावेज: कृषि एवं कल्याण मंत्रालय (भारत सरकार) के तीन फर्जी एम्प्लॉय रजिस्ट्रेशन व जॉइनिंग लेटर।
  • इनकम टैक्स फॉर्म: आयकर विभाग के एप्लीकेशन फॉर्म की चार प्रतियां।
  • अन्य कागजात: विभिन्न अभ्यर्थियों के नाम से तैयार 14 अन्य फर्जी दस्तावेज।
  • पहचान व अन्य सामान: चार पहचान पत्र/दस्तावेज (आधार आदि), दो एटीएम कार्ड, दो मेट्रो कार्ड और तीन मोबाइल फोन।

ये हैं पकड़े गए ‘हाईटेक’ ठग

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर से जुड़े हुए हैं और बेहद शातिर तरीके से युवाओं को जाल में फंसाते थे। इनमें नितिन पुत्र सतीश कुमार निवासी प्रेम विहार, करावल नगर, दिल्ली (मूल निवासी- शामली, यूपी) और दीपक पुत्र वीरेन्द्र पाल निवासी इन्द्रापुरी कॉलोनी, लोनी बॉर्डर, गाजियाबाद शामिल है। पकड़े गए आरोपी दीपक का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। इसके खिलाफ पहले से मऊ जनपद के रानीपुर थाने में गंभीर धाराओं (BNS 351(2), 352, 316) में मुकदमा दर्ज है।

मोडस ऑपेरंडी: ऐसे फंसाते थे युवाओं को जाल में

पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, वह आंखें खोलने वाला है। आरोपियों ने बताया कि वे सबसे पहले विभिन्न राज्यों में सरकारी विभागों में ‘दस्तावेजों की स्कैनिंग’ के नाम पर फर्जी वैकेंसी (विज्ञापन) निकालते थे।

जब बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में उनसे संपर्क करते, तो ये खुद को बड़ा अधिकारी या पहुंच वाला बताकर उनका विश्वास जीतते थे। इसके बाद संविदा पर परमानेंट कराने या सीधी भर्ती का लालच देकर लाखों रुपये वसूलते थे। युवाओं को शक न हो, इसके लिए बकायदा हुबहू दिखने वाले सरकारी मंत्रालयों के फर्जी लेटरहेड पर जॉइनिंग लेटर प्रिंट करके दे देते थे। जब तक पीड़ित को फर्जीवाड़े का पता चलता, ये अपना ठिकाना बदल चुके होते थे।

कई राज्यों में फैला है नेटवर्क, पुलिस खंगाल रही कुंडली

आरोपियों ने कुबूल किया है कि उन्होंने नाम और पहचान बदल-बदलकर मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, शामली, मऊ, आजमगढ़, सहारनपुर सहित दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में सैकड़ों युवाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

सिविल लाइन पुलिस अब इस गिरोह के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ (यानी इनके साथ और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं) की जांच कर रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकुल कुशवाह, कांस्टेबल मोनू कुमार और हर्षित कुमार शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी से इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market