मुजफ्फरनगर: जडौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज में मंगलवार को समाज सेवा और युवा नेतृत्व की एक नई इबारत लिखी गई। विद्यालय परिसर में पूरे उत्साह के साथ ‘रोटरी इन्ट्रेक्ट क्लब’ का गठन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर रोटरी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नितिन कुमार अग्रवाल, रविन्द्र सिंह बालियान, प्रभा शर्मा और सुनील अग्रवाल ने विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं को रोटरी बैज पहनाकर क्लब के कर्तव्यों की शपथ दिलाई।
इन युवाओं के कंधों पर होगी क्लब की कमान:
नई कार्यकारिणी का हुआ एलान: क्लब की कमान इस बार युवाओं के जोश को सौंपी गई है, जिसमें इल्मा को अध्यक्ष, वर्तिका को सचिव और इरम को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही आरव नायक, मन्तशा, अक्षा, दक्षी, अनन्त धीमान, कनिका धीमान, अनुश्री दहिया, आराध्या चौधरी, अर्पित पंवार और विराट कुमार को क्लब के सदस्य के रूप में शामिल कर सेवा की शपथ दिलाई गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान:
इस गरिमामयी समारोह में उस समय विद्यालय का गौरव और बढ़ गया जब रोटरी इंटरनेशनल के वैश्विक अध्यक्ष फ्रेन्सिसको एरेजू द्वारा भेजा गया आधिकारिक संस्तुति-पत्र (Charter) विद्यालय को सौंपा गया। अतिथियों ने यह पत्र प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, क्लब इंचार्ज रजनी शर्मा और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भेंट किया।
“चरित्र निर्माण की प्रयोगशाला है यह क्लब”
समारोह को सम्बोधित करते हुए रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस क्लब का असली मकसद विद्यार्थियों के भीतर छिपी नेतृत्व क्षमता को उभारना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराना है। यह मंच युवाओं में ‘सेवा परमो धर्म’ की भावना के साथ-साथ टीम वर्क, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे गुणों को विकसित करेगा।
वहीं, रोटेरियन रविन्द्र सिंह बालियान ने अपने प्रेरणादायी शब्दों में कहा कि यह क्लब केवल एक संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की वो प्रयोगशाला है जहाँ छात्र यह सीखते हैं कि सच्ची सफलता खुद की तरक्की में नहीं बल्कि समाज के जीवन को बेहतर बनाने में है। यही बच्चे आगे चलकर देश के संवेदनशील नेता और सच्चे सेवक बनेंगे।
प्रधानाचार्य ने दीं शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंतिम चरण में होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने आए हुए सभी अतिथियों का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने नई नवेली युवा टीम को उज्जवल भविष्य और समाज सेवा के इस नए सफर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।




