Home » मुजफ्फरनगर » महाफर्जीवाड़ा! ‘मुन्नाभाई’ निकला 15 हजारी इनामी इमलाख, हरिद्वार में बिना डिग्री ‘M.S. सर्जन’ बनकर चीर-फाड़ कर रहा था ये हैवान

महाफर्जीवाड़ा! ‘मुन्नाभाई’ निकला 15 हजारी इनामी इमलाख, हरिद्वार में बिना डिग्री ‘M.S. सर्जन’ बनकर चीर-फाड़ कर रहा था ये हैवान

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद की थाना छपार पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय फर्जी डिग्री और कूट रचित दस्तावेज (Forgery) बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी और वांछित मुख्य आरोपी समेत कुल 3 जालसाजों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों में ‘बाबा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी’ का चेयरमैन और दो ऐसे कथित डॉक्टर शामिल हैं, जो बिना किसी वैध डिग्री के अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर चला रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने कामयाबी हासिल करने वाली पुलिस और एसओजी टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

आईजीआरएस (IGRS) की एक शिकायत ने खोला फर्जीवाड़े का राज

एसएसपी ने बताया कि थाना छपार पुलिस को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था। शिकायत में आरोप था कि इमलाख उर्फ इमलाक (निवासी ग्राम शेरपुर, कोतवाली नगर) लोगों से मोटी रकम लेकर धोखाधड़ी करता है और अपने इंस्टीट्यूट में छात्रों के मूल दस्तावेज रखकर अनुचित पैसों की मांग करता है।

जब छपार पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि आरोपी इमलाख पैसे लेकर B.Pharma, D.Pharma और BAMS की फर्जी डिग्रियां बनाता है। इससे पहले उसे उत्तराखंड एसटीएफ (STF) भी इसी तरह के फर्जीवाड़े में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने तत्काल बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया और एसएसपी ने इस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।

बरला बसेड़ा रोड पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

रविवार को छपार पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि 15 हजारी इनामी इमलाख अपने साथियों के साथ ताजपुर रजवाहे बरला बसेड़ा रोड पर किसी गाड़ी में भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। संदिग्ध गाड़ी को घेरकर जब पूछताछ की गई, तो गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की इस तरह हुई पहचान:

  • इमलाख उर्फ इमलाक पुत्र मो० इलियास, निवासी ग्राम शेरपुर, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर। (मुख्य सरगना, 15 हजार का इनामी)
  • डॉ. वीके गौतम पुत्र स्व० निर्मल, हाल निवासी हिमालयन मेडिकेयर डायग्नोस्टिक सेंटर, हरिद्वार (मूल निवासी- शामली अड्डा, मुजफ्फरनगर)।
  • डा. मंसूर उलहक पुत्र मंजूर उलहक, निवासी हाउस नं0 175 शिवपुरी, थाना खतौली, मुजफ्फरनगर।

कब्जे से बरामद हुआ ‘फर्जीवाड़े का जखीरा’

पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें से कूट रचित दस्तावेज और मेडिकल से जुड़े सामान बरामद हुए।

  • 32 विजिटिंग कार्ड (जिस पर Dr. V.K. GAUTAM (M.S.) लिखा था)
  • 06 खाली लेटरहेड और 04 लिखित लेटरहेड
  • 04 मेडिकल अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट/कवर
  • 06 मरीजों के नाम से बुकलेट
  • 03 एंड्रॉइड मोबाइल फोन

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा: 6 लाख में डील, बिना डिग्री बन रहे थे सर्जन!

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी इमलाख ने कुबूल किया कि वह ‘बाबा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी’ का चेयरमैन और डायरेक्टर है। वह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर फर्जी डिग्रियां बेचता था और पहले भी 2 साल जेल काट चुका है। वहीं, गिरफ्तार कथित डॉ. वीके गौतम ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह हरिद्वार में Himalayan Medicare Centre नाम से अस्पताल चला रहा है, जबकि उसके पास डॉक्टरी की कोई वैध डिग्री नहीं है। उसने इमलाख को BAMS की फर्जी डिग्री बनाने के लिए 6 लाख रुपये दिए थे, लेकिन उसने डिग्री नहीं दी। अपने विजिटिंग कार्ड पर खुद को ‘M.S.’ (सर्जन) लिखता था, ताकि मरीजों को धोखा दे सकूं।”

तीसरे आरोपी डॉ. मंसूर उलहक ने बताया कि उसने डॉ. वीके गौतम से फर्जी डिग्री के नाम पर पैसे लिए थे और अपना ‘कमीशन’ काटकर बाकी पैसे इमलाख को दे दिए थे। रविवार को तीनों पैसे और डिग्री के लेन-देन को लेकर आमने-सामने बैठे थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया।

अपराधियों का लंबा चौड़ा इतिहास

पकड़े गए मुख्य आरोपी इमलाख का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास (307), रंगदारी (386), गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी (420) समेत 11 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं डॉ. वीके गौतम और डॉ. मंसूर उलहक पर भी मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहना की पात्र बनी यह पुलिस टीम:

इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश करने के पीछे इन जांबाज अधिकारियों का हाथ रहा, जिन्हें एसएसपी द्वारा 25 हजार का इनाम मिला है।

  • मोहित कुमार (थानाध्यक्ष, छपार)
  • मोहित चौधरी (प्रभारी, एसओजी)
  • उपनिरीक्षक लोकेश गौतम,
  • तूफान सिंह,
  • अनुराग सिंह,
  • शिव कुमार (थाना छपार)
  • हेड कांस्टेबल विकास चौधरी
  • नितिन कुमार (सर्विलांस सेल, मुजफ्फरनगर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market