Home » मुजफ्फरनगर » 16 साल बाद आया न्याय: हत्यारे पूर्व प्रधान को मौत की सजा, लेकिन आज खुद जेल में है पीड़ित परिवार! जानें क्या है पूरा मामला

16 साल बाद आया न्याय: हत्यारे पूर्व प्रधान को मौत की सजा, लेकिन आज खुद जेल में है पीड़ित परिवार! जानें क्या है पूरा मामला

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के मांडी गांव में 16 साल पहले हुए किसान राजबीर सिंह हत्याकांड में अदालत ने एक नजीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (त्वरित न्यायालय संख्या-3) के पीठासीन अधिकारी रवि कुमार दिवाकर ने इस जघन्य हत्याकांड को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर करारा प्रहार बताते हुए मुख्य आरोपी व पूर्व प्रधान प्रमोद और उसके साथी सहदेव उर्फ पप्पू को फांसी की सजा सुनाई है।

इसके साथ ही, मामले की विवेचना (जांच) में घोर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पत्र भेजकर कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है।

चुनावी रंजिश में हुई थी 60 वर्षीय किसान की हत्या

यह मामला 24 अगस्त 2010 का है, जब मांडी गांव के निवासी 60 वर्षीय किसान राजबीर सिंह की उनके खेत पर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद राजबीर के पुत्र प्रदीप कुमार ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की गहन तफ्तीश में सामने आया कि इस हत्याकांड के पीछे गांव की प्रधानी के चुनाव की पुरानी रंजिश थी।

पुलिस ने जांच के बाद गांव के ही पूर्व प्रधान प्रमोद और सहदेव उर्फ पप्पू के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। बीते 30 जून को अदालत ने दोनों को दोषी करार दिया था, जिसके बाद अब उन्हें मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है।

8 गवाहों ने मजबूत की अभियोजन की कड़ी, 2 आरोपी मुठभेड़ में ढेर

अदालत में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील (अभियोजन पक्ष) ने कुल 8 गवाह पेश किए, जिन्होंने मामले को बेहद मजबूती से कोर्ट के सामने रखा। जांच के दौरान इस हत्याकांड में दो अन्य आरोपियों—अमित और विपिन शर्मा के नाम भी उजागर हुए थे। हालांकि, पुलिस मुठभेड़ में इन दोनों की पहले ही मौत हो जाने के कारण इनका नाम चार्जशीट में शामिल नहीं किया गया था।

‘भौकाल’ के दौर का जिक्र: जब थर्राता था मुजफ्फरनगर

सनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने न्यायालय को याद दिलाया कि 2010 के आसपास का वह दौर मुजफ्फरनगर के इतिहास में अपराध की दृष्टि से बेहद संवेदनशील था। बहस के दौरान कोर्ट रूम में विक्की त्यागी की कोर्ट परिसर के भीतर हुई हत्या, मुजफ्फरनगर दंगे और उस दौर के खौफनाक अपराधों का जिक्र भी किया गया, जिन पर आगे चलकर ‘भौकाल’ जैसी चर्चित वेब सीरीज बनी। अभियोजन ने कोर्ट को बताया कि अब वक्त बदल चुका है और वर्तमान में जिले की कानून-व्यवस्था व छवि में व्यापक सुधार आया है।

अदालत की सख्त टिप्पणी: “हिंसा चुनावी प्रतिस्पर्धा का समाधान नहीं”

फैसला सुनाते हुए माननीय न्यायाधीश ने कहा कि  “पंचायत लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है। लोकतंत्र का आधार मतपत्र (बैलेट) होता है, न कि हथियार। चुनावी प्रतिस्पर्धा का समाधान किसी भी सूरत में हिंसा नहीं हो सकता।”

विडंबना: न्याय मिलने के दिन ही कानून के शिकंजे में घिरा पीड़ित परिवार

एक तरफ जहां 16 साल बाद राजबीर सिंह के परिवार को इंसाफ मिला है, वहीं दूसरी तरफ उनका परिवार इस समय एक अन्य हाई-प्रोफाइल मामले में कानूनी मुश्किलों से घिरा हुआ है। मांडी गांव के हालिया चर्चित ‘दोना फैक्टरी’ मामले में राजबीर का परिवार पुलिस के रडार पर है।

  • प्रदीप कुमार (बेटा): राजबीर के बेटे प्रदीप कुमार (जिन्होंने इस हत्याकांड में FIR दर्ज कराई थी) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
  • अंकित बालियान (पौत्र): राजबीर के पोते अंकित बालियान ने हाल ही में हरियाणा के होडल में सरेंडर किया है, जिसे मुजफ्फरनगर पुलिस बी-वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
  • विपिन (दूसरा बेटा): राजबीर के दूसरे बेटे विपिन को भी हरियाणा पुलिस ने अंकित के सरेंडर की साजिश रचने के आरोप में नामजद किया है।

एक तरफ प्रधानी की रंजिश में पिता को खोने वाले परिवार की कानूनी लड़ाई मुकाम पर पहुंची, तो दूसरी तरफ आज उनके वंशज खुद सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market