Home » मुजफ्फरनगर » जनता के पैसे से संवरा था पार्क, रेलवे ने बिना बताए कर दी तोड़फोड़; भड़के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, DRM को पत्र लिख जताई कड़ी नाराजगी

जनता के पैसे से संवरा था पार्क, रेलवे ने बिना बताए कर दी तोड़फोड़; भड़के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, DRM को पत्र लिख जताई कड़ी नाराजगी

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने रेलवे विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाया है। मंत्री कपिल देव ने इस संबंध में उत्तर रेलवे (नई दिल्ली) के मण्डलीय रेल प्रबन्धक (DRM) को एक कड़ा पत्र लिखकर सार्वजनिक संपत्तियों को हुए नुकसान पर गहरा खेद व्यक्त किया है और उनके पुनः निर्माण की मांग की है।

जनसहभागिता से विकसित पार्क को पहुंचाया नुकसान

डीआरएम को भेजे पत्र में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अवगत कराया कि वर्ष 2022 में उनके विशेष प्रयासों से नई मंडी की ओर रेलवे लाइन की बाउंड्री के पास बहने वाले नाले को ह्यूम पाइप डालकर व्यवस्थित रूप से कवर किया गया था। इस नाले में रेलवे का पानी भी आता है। इसके ऊपर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर, आवास विकास परिषद, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय निवासियों के सहयोग से एक बेहद सुंदर पार्क का निर्माण और क्षेत्र का सौंदर्गीकरण कराया गया था।

इस सार्वजनिक हित के कार्य पर नगर पालिका और आवास विकास द्वारा भारी-भरकम धनराशि खर्च की गई थी, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को एक अच्छा वातावरण मिल सके।

बिना सूचना के तोड़ा महात्मा गांधी का 20 फीट लंबा म्यूरल

मंत्री कपिल देव ने पत्र में बताया कि हाल ही में रेलवे विभाग द्वारा अपनी बाउंड्री के पास पुनर्निर्माण और विस्तारीकरण का कार्य शुरू किया गया। लेकिन अत्यंत खेद का विषय है कि रेलवे ने इस दौरान स्थानीय प्रशासन या नगर पालिका से कोई समन्वय स्थापित नहीं किया।

बिना किसी पूर्व सूचना के की गई इस तोड़फोड़ में जनसहभागिता से स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘दांडी मार्च’ से संबंधित 20 फीट लंबे भव्य म्यूरल, विभिन्न मूर्तियों, सौंदर्गीकरण संबंधी संरचनाओं और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

रेलवे से की दोबारा निर्माण कराने की मांग

राज्य मंत्री ने रेलवे की इस एकतरफा कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सार्वजनिक हित में विकसित की गई इन संपत्तियों को ढहाने से पहले नगर पालिका या संबंधित विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई।

उन्होंने मण्डलीय रेल प्रबन्धक (DRM) से अपेक्षा की है कि रेलवे विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त की गई इन सभी सार्वजनिक संपत्तियों का अविलंब पुन्हा निर्माण (Restoration) कराया जाए और इस संबंध में की गई कार्रवाई से उन्हें जल्द से जल्द अवगत कराया जाए।

पूर्व सभासद ने जताया मंत्री का आभार

पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्क केवल एक सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं था, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और जनसहभागिता का प्रतीक था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन मंत्री के पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पार्क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण शीघ्र कराएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को पुनः वही सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

वहीं, यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, और स्थानीय नागरिकों में भी रेलवे के इस रवैये को लेकर काफी रोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market