मुजफ्फरनगर: देश में ज्यादा रिटर्न का लालच देकर भोले-भाले लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले धोखेबाजों का जाल लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से सामने आया है, जहां ‘क्यूएफएक्स’ (QFX) नाम की फर्जी कंपनी बनाकर देश भर के सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। आरोपी मास्टरमाइंड लवीश चौधरी उर्फ नवाब जनता के करोड़ों रुपये समेटकर वर्तमान में दुबई (UAE) फरार हो चुका है। अब इस मामले में पीड़ित की अर्जी पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय मुजफ्फरनगर के आदेश के बाद धारा 173 (4) BNSS के तहत थाना खालापार में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
2021 में बुना गया था ठगी का जाल, 5% मासिक रिटर्न का झांसा
न्यायालय में दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी लवीश चौधरी उर्फ नवाब निवासी खतौली, जिला मुजफ्फरनगर ने साल 2021 में QFX (क्यूएफएक्स) नाम से एक कंपनी बनाई थी। इस कंपनी का मुख्य कार्यालय जीरकपुर, जिला एसएएस नगर (पंजाब) में होना बताया गया था। आरोपी ने पीड़ितों के घरों पर जाकर कई बैठकें कीं और दावा किया कि उसकी कंपनी विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षित निवेश करती है और निवेशकों को हर महीने 5 प्रतिशत (5%) का बंपर रिटर्न देगी।
शुरुआत में झांसा सच दिखाने के लिए आरोपी ने कुछ समय तक प्रति माह रिटर्न भी दिया, जिससे प्रभावित होकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के तमाम लोगों ने अपनी जमा-पूंजी इस कंपनी में लगा दी। लेकिन अक्टूबर 2024 के बाद से कंपनी ने अचानक रिटर्न देना बंद कर दिया।
दुबई भाग गया महाठग, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
जब पीड़ित दीन मोहम्मद और उनके साथियों ने अक्टूबर 2024 के बाद अपना पैसा वापस मांगना शुरू किया, तो आरोपी लवीश चौधरी टालमटोल करने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने साफ तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और पीड़ितों के साथ गाली-गलौज की। आरोपी ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “मैं तुम्हारा कोई पैसा नहीं दूंगा, तुमसे जो होता हो कर लेना, पुलिस भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।” इसके बाद पता चला कि आरोपी भारत छोड़कर दुबई भाग चुका है और वहीं से इस पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा है।
इन पीड़ितों के डूबे लाखों रुपये (तहरीर में शामिल सूची):
धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों ने जब आपस में संपर्क किया तो इस महाघोटाले की परतें खुलीं। इस केस में मुख्य रूप से इन लोगों के निवेश डूबने की बात सामने आई है। 👇👇👇👇
- दीन मोहम्मद पुत्र नजीर हसन, निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर – 6,00,000 (छह लाख रुपये)
- समीना पुत्री महबूब खान, निवासी जगाधरी यमुनानगर, हरियाणा – 6,00,000 (छह लाख रुपये)
- मुकिम मलिक – 7,50,000 (साढ़े सात लाख रुपये)
- मोहिन्द्र पुत्र राम दास, निवासी जनेश्वो करनाल, हरियाणा – 5,00,000 ( पांच लाख रुपये)
- धर्मपाल पुत्र राम दास, निवासी करनाल, हरियाणा – 4,00,000 (चार लाख रुपये)
- रामेश्वर पुत्र धनी राम, निवासी इन्द्री, करनाल, हरियाणा– 4,00,000 (चार लाख रुपये)
- सतबीर शर्मा पुत्र बचाना राम, निवासी गाधी जाट्टन, करनाल– 4,00,000 (चार लाख रुपये)
- तरुण सचदेवा पुत्र सुरिन्द्र सचदेवा, निवासी फरीदाबाद – 3,00,000 (तीन लाख रुपये)
- फराद सिद्दीकी– 3,00,000 (तीन लाख रुपये)
- सुखविन्द्र सिंह पुत्र बीर सिंह, निवासी करनाल– 3,00,000 (तीन लाख रुपये)
- विनोद कुमार पुत्र लाल चन्द, निवासी करनाल– 3,00,000 (तीन लाख रुपये)
- सलमान –2,80,000 (दो लाख 80 हजार रुपये)
- मो. शहजाद – 4,90,000 (चार लाख 90 हज़ार रुपये)
- कमाल उस्मानी –3,20,000 (तीन लाख 20 हजार रुपये)
- अंजलि बौराह – 2,20,000 (दो लाख 20 हजार रुपये)
- डा. अन्जुम –2,10,000 (दो लाख 10 हजार रुपये)
- फैज –2,00,000 (दो लाख रुपये)
- खुशनुमा –1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- हाजी राशीद –1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- राशिद – 1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- जिहान – 1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- इकरार – 1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- मुकर्रम –1,60,000 (एक लाख 60 हजार रुपये)
- शादाब सलमानी – 80,000
- आसिफ अंसारी – 80,000
- नदीम सलमानी – 40,000
- गुलफाम – 40,000
एसएसपी से गुहार के बाद अब कोर्ट के सख्त आदेश
मुख्य पीड़ित दीन मोहम्मद ने 30 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मुजफ्फरनगर को स्वयं उपस्थित होकर और रजिस्टर्ड डाक के जरिए प्रार्थना पत्र भेजा था, लेकिन पुलिस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के बाद पीड़ितों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
न्यायालय सीजीएम ने मामले की गंभीरता और भारी-भरकम रकम की धोखाधड़ी को देखते हुए थाना प्रभारी खालापार को तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने देश के अलग-अलग राज्यों में हजारों लोगों को शिकार बनाया है, जिसकी यदि उच्च स्तरीय जांच (जैसे ED या आर्थिक अपराध शाखा) हो, तो यह सैकड़ों करोड़ का महाघोटाला साबित हो सकता है। फिलहाल पुलिस कोर्ट के आदेश पर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।




