Home » मुजफ्फरनगर » सहारनपुर मस्जिद प्रकरण: तितावी में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, बघरा में निकाला फ्लैग मार्च

सहारनपुर मस्जिद प्रकरण: तितावी में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, बघरा में निकाला फ्लैग मार्च

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर/तितावी (रिपोर्ट–सोमित प्रजापति): सहारनपुर के मस्जिद प्रकरण को लेकर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आगामी जुमे की नमाज के मद्देनजर शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तितावी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस ने कस्बा बघरा के मुख्य बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन को सुरक्षा का अहसास कराया।

अधिकारियों ने किया फ्लैग मार्च, धर्मगुरुओं से की बातचीत

क्षेत्राधिकारी (सीओ) फुगाना नरेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के मुख्य मार्गो, बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में गश्त की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग भी की।

गश्त के बाद सीओ फुगाना नरेंद्र यादव और थाना पुलिस टीम ने कस्बे की मुख्य मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने जुमे की नमाज को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील

सीओ नरेंद्र यादव ने धर्मगुरुओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों का हिस्सा बनें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धर्मगुरुओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया।

फ्लैग मार्च में ये अधिकारी रहे मौजूद

सुरक्षा व्यवस्था और गश्त के दौरान तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह, सीनियर सब इंस्पेक्टर (SSI) अजय पाल, कस्बा चौकी इंचार्ज अमित चौधरी सहित भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और स्थिति पर पूरी नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market