Home » अपराध » घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और बदसलूकी, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी; SSP से न्याय की गुहार

घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और बदसलूकी, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी; SSP से न्याय की गुहार

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: सिखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आधी रात को घर में घुसकर एक महिला से छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप यह भी है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद आरोपी और गांव के प्रधान ने पीड़िता पर जबरन फैसले का दबाव बनाया तथा कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

आधी रात घर में घुसा आरोपी, काटने पर भागा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि घटना 25 सितंबर 2026 की रात लगभग 12 बजे की है। पीड़िता अपने घर में 10 वर्षीय भांजे के साथ सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही रहने वाला युवक अनधिकृत रूप से घर के भीतर दाखिल हो गया।

आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके भांजे को जान से मारने की धमकी दी। बचाव में पीड़िता ने आरोपी के हाथ पर दांतों से काट लिया। इसी दौरान पीड़िता का भांजा भी जाग गया, जिससे घबराकर आरोपी परिजनों को जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला।

थाने जाने पर पीछा किया और दी धमकी

पीड़िता के अनुसार, अगले दिन सुबह जब वह शिकायत लेकर थाना सिखेड़ा जाने लगी, तो आरोपी ने उसका पीछा किया और तहरीर न देने के लिए धमकाया कि “अगर पुलिस को तहरीर दी तो मार दूंगा”। इसके बावजूद पीड़िता ने 25 सितंबर को ही सिखेड़ा थाने में तहरीर जमा करा दी।

ग्राम प्रधान पर दबाव बनाने और कोरे कागज पर दस्तखत कराने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही वह थाने से बाहर निकली, आरोपी अपने सहयोगियों और ग्राम प्रधान के साथ बाहर मौजूद था। उन्होंने पीड़िता पर फैसले का अनावश्यक दबाव बनाया और जबर्दस्ती उसके कोरे कागजों पर साइन करवा लिए।

पीड़िता जब अपने परिजनों को फोन करने लगी तो ग्राम प्रधान ने उससे फोन छीन लिया और उसे वहां से भगा दिया (हालांकि बाद में रास्ते में फोन लौटा दिया गया)। भयभीत पीड़िता अपने घर लौट आई।

न्याय और सुरक्षा की गुहार

सोमवार को पीड़िता अपनी बहन और बेटे के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और आपबीती सुनाते हुए शिकायती पत्र सौंपा। पीड़िता ने मांग की है कि  थानाध्यक्ष सिखेड़ा को एफआईआर (FIR) दर्ज करने का सख्त आदेश दिया जाए। आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़िता और उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market