Home » मुजफ्फरनगर » जिला अस्पताल में मासूम को नोचने वाले कुत्तों के मामले में बड़ा एक्शन: जीत सिक्योरिटी कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट, सुरक्षा में सेंध पर उठे गंभीर सवाल

जिला अस्पताल में मासूम को नोचने वाले कुत्तों के मामले में बड़ा एक्शन: जीत सिक्योरिटी कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट, सुरक्षा में सेंध पर उठे गंभीर सवाल

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में तीन साल की मासूम बच्ची ‘मीरब’ पर आवारा कुत्तों के जानलेवा हमले के बाद अब प्रशासनिक अमला अपनी साख बचाने में जुट गया है। मामले के तूल पकड़ते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है और अब “लीपापोती” के साथ-साथ कार्रवाई का दौर भी शुरू हो चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी और ACMO डॉ. अशोक कुमार ने मामले की तड़ताल की है।

जांच में सामने आया है कि अस्पताल परिसर में 20 सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद यह दर्दनाक हादसा हो गया। जांच अधिकारी ने माना कि यह सीधे तौर पर सुरक्षा गार्डों की घोर लापरवाही का नतीजा है। इसके बाद अस्पताल की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली अनुबंधित कंपनी ‘जीत सिक्योरिटी’ को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश (संस्तुति) कर दी गई है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद जनता के बीच सबसे बड़ा सवाल यही तैर रहा है कि—क्या अस्पताल प्रबंधन इस हादसे से पहले गहरी नींद में सोया हुआ था? तब सख्ती क्यों नहीं की गई?

‘रविवार की ढील’ पड़ी भारी: मिनट-दर-मिनट की जांच में खुली पोल

बुधवार को जांच अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जो कलई खुली, वह चौंकाने वाली है:

  • गार्ड्स की भारी कमी: संडे (रविवार) को ओपीडी बंद होने का फायदा उठाकर सुरक्षा कंपनी ने लापरवाही की। परिसर में सिर्फ तीन गार्ड ही तैनात थे।
  • ब्यौरा तलब: जांच अधिकारी ने पिछले एक महीने का अटेंडेंस रजिस्टर (उपस्थिति) ज़ब्त कर लिया है और घटना के समय का मिनट-दर-मिनट ब्यौरा मांगा है।
  • ड्यूटी सिस्टम में बदलाव: जांच रिपोर्ट में सिफारिश की गई है कि अब गार्ड्स की ड्यूटी 8-8 घंटे की शिफ्ट में लगाई जाए। साथ ही पंजीकरण खिड़की, दवा वितरण काउंटर, ओपीडी और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में हर वक्त गार्ड्स की मौजूदगी अनिवार्य हो।

डैमेज कंट्रोल में जुटा प्रशासन, वार्डों पर ‘पहरा’

एक तरफ जहां तीखे सवालों से अस्पताल घिर गया है, वहीं दूसरी तरफ CMS डॉ. संजय वर्मा ने आनन-फानन में दो अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। जब तक नगर पालिका या संबंधित विभाग अस्पताल परिसर से आवारा कुत्तों को पकड़कर बाहर नहीं कर देता, तब तक के लिए सुरक्षा चक्र कड़ा किया गया है। सर्जिकल वार्ड, वृद्धजन वार्ड, आइसोलेशन वार्ड, मेडिकल, महिला वार्ड और ऑपरेशन थिएटर (OT) के मुख्य द्वारों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, बुधवार को सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने पीड़ित बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और कहा कि “व्यवस्थाओं में जो भी कमियां और चूक रही हैं, उन्हें युद्धस्तर पर दूर किया जा रहा है।”

सीएमएस (CMS) व्यस्त, अब व्यवस्था संभालेंगे एसीएमओ (ACMO)

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अस्पताल की आंतरिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सीएमओ के निर्देशानुसार अब वह प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला अस्पताल में ही रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

दरअसल, वर्तमान सीएमएस डॉ. संजय वर्मा खुद एक ‘एनेस्थेटिक’ (मूर्छा विशेषज्ञ) हैं, जिसके कारण उनका अधिकांश समय ऑपरेशन थिएटर (OT) के भीतर गंभीर मरीजों को संभालने में बीत जाता है। प्रशासनिक कार्यों और अस्पताल की जमीनी व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को देखते हुए ही अब ACMO को रोजाना दो घंटे अस्पताल में कमान संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

क्या था पूरा मामला?

सहारनपुर की सिराज कॉलोनी के रहने वाले मजदूर इंतजार की पत्नी इरम अपने मायके शेरपुर गांव (मुजफ्फरनगर) आई हुई थीं। उनकी तीन साल की बेटी मीरब की तबीयत खराब होने पर वह 14 जून को उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं। शाम के वक्त अचानक अस्पताल की बत्ती गुल (बिजली ठप) हो गई। गर्मी और उमस के कारण मां अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर वार्ड से बाहर खुली हवा में आई। इसी दौरान घात लगाए बैठे आवारा कुत्तों के झुंड ने मीरब पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से जख्मी बच्ची का फिलहाल एक प्राइवेट (निजी वार्ड) में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market