–नया फरमान: ड्यूटी से गायब मिले गार्ड तो दर्ज होगा मुकदमा, तीन बार होगी सफाई; परिसर की ‘तीसरी आंख’ को लेकर भी कड़ा अल्टीमेटम।
मुजफ्फरनगर: जिला अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सालों से जमे ‘सिंडिकेट’ और मलाईदार सीटों पर कुंडली मारकर बैठे कर्मचारियों के खिलाफ गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया के कड़े निर्देश पर आज एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने खुद जिला अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाल लिया। पहले ही दिन एसीएमओ के तेवर इतने सख्त थे कि अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। उन्होंने सालों से एक ही जगह जमे गार्ड, वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ की ड्यूटी में तत्काल प्रभाव से कई बड़े और चौंकाने वाले बदलाव कर दिए हैं।
“मूल ड्यूटी छोड़ लालच में सेटिंग का खेल” — एसीएमओ की दो टूक:
कार्यभार संभालते ही एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने अस्पताल के भीतर चल रही मनमानी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि बहुत से लोग अपनी मूल ड्यूटी न करके लालच में दूसरे कामों में लग जाते हैं, जिससे पूरी व्यवस्था बिगड़ती है। लंबे समय से एक ही ड्यूटी पर तैनात रहने वाले कर्मचारियों की वजह से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है और ऑपरेशन तक में सेटिंग का खेल चलता है। मेरे पास रोजाना ऐसी कई शिकायतें आ रही थीं, जिन पर अब पूर्ण विराम लगाना जरूरी है।
ढाई साल की बच्ची को कुत्ता काटने की घटना के बाद टूटी नींद!
दरअसल, अस्पताल प्रशासन की यह ताबड़तोड़ कार्रवाई अचानक नहीं हुई है। हाल ही में जिला अस्पताल परिसर के भीतर ही एक ढाई वर्षीय मासूम बच्ची को आवारा कुत्ते द्वारा बुरी तरह काटने का मामला सामने आया था। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा, दावों और पूरी प्रशासनिक व्यवस्था की जमकर किरकिरी हुई थी। इसी गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए शासन-प्रशासन के निर्देश पर आज यह बड़ी कार्रवाई की गई है, ताकि भविष्य में मरीजों की सुरक्षा से ऐसा खिलवाड़ दोबारा न हो।
बंद मिले तो खैर नहीं! सीसीटीवी कैमरों को लेकर सख्त निर्देश
मासूम बच्ची वाली घटना से सबक लेते हुए एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि अस्पताल के सभी सीसीटीवी कैमरे हर वक्त चालू हालत (Working Condition) में होने चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गार्ड्स के लिए नया चक्रव्यूह: ओपीडी से हटे, 12 प्वाइंट्स पर मुस्तैदी
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अब ओपीडी से सभी सुरक्षा गार्ड्स को हटा दिया गया है, वहां केवल वार्ड बॉय या वार्ड आया की ड्यूटी होगी। अस्पताल में सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुबह की शिफ्ट में 12 ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जहां 12 गार्ड्स की मुस्तैदी रहेगी।
- औषधि वितरण (दवाई काउंटर, महिला–पुरुष): दो गार्ड
- पर्ची काउंटर (रजिस्ट्रेशन महिला पुरुष): दो गार्ड
- इमरजेंसी वार्ड: दो गार्ड
- पीओपी वार्ड: एक गार्ड
- सीएमएस कार्यालय के बाहर: एक गार्ड
- एनआरसी (NRC): एक गार्ड
- ओपीडी नंबर–01: एक गार्ड
- ओटी (ऑपरेशन थिएटर) के सामने: एक गार्ड
- अस्पताल का गेट नंबर–02: एक गार्ड
कड़ी चेतावनी: ड्यूटी के दौरान यदि कोई भी गार्ड गायब पाया गया, तो एजेंसी के भरोसे बैठने के बजाय सीधे मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कोई भी गार्ड मरीज को डॉक्टर को दिखवाने, पर्ची बनवाने या मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर दलाली करता दिखा, तो तत्काल सख्त एक्शन होगा।
सालों से जमे एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ओटी के ‘चहेते’ वार्ड बॉयज पर गिरी गाज:
अस्पताल में कथित तौर पर अपनी पैठ बना चुके और मलाईदार सीटों पर जमे वार्ड बॉयज को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
- अनिल बिष्ट: एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड विभाग में लंबे समय से तैनात अनिल बिष्ट को तत्काल हटाने और ड्यूटी बदलने के निर्देश दिए गए।
- अमित, राजकुमार और रामाशीष: इन तीनों वार्ड बॉय को ओटी (ऑपरेशन थिएटर) से तत्काल प्रभा से हटाकर दूसरी जगहों पर भेजा गया है।
- वाजिद: आई-ओटी (आंखों के ऑपरेशन थिएटर) से तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
एसीएमओ ने साफ किया कि यह तो बस शुरुआत है। आगामी दिनों में वार्डों में तैनात अन्य वार्ड बॉय की ड्यूटी में भी बहुत जल्द बड़ा फेरबदल किया जाएगा, ताकि कोई भी गुटबाजी न पनप सके।
परिसर में ई-रिक्शा बैन, मैटर्न को हर घंटे देनी होगी रिपोर्ट:
ई-रिक्शा पर पाबंदी: इमरजेंसी गेट से आगे कोई भी ई-रिक्शा नहीं जाएगी। केवल अति-गंभीर मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी, ताकि रास्ता जाम न हो और एम्बुलेंस व मरीजों को कोई दिक्कत न आए।
मैटर्न को जिम्मेदारी: नर्सिंग मैटर्न नीलम रानी को पूरे अस्पताल परिसर के सुपरविजन का जिम्मा सौंपा गया है। उन्हें हर एक घंटे में व्यवस्थाओं और स्टाफ की निगरानी करके सीधे एसीएमओ को प्रोग्रेस रिपोर्ट देनी होगी।
दिन में तीन बार सफाई: अस्पताल के वार्डों और परिसर को संक्रमण मुक्त रखने के लिए दिन में अनिवार्य रूप से तीन बार सफाई करने के सख्त निर्देश लागू किए गए हैं।




