Home » मुजफ्फरनगर » अस्पताल में ‘दबंगई’: ड्राइवर का तांडव, ओपीडी स्टाफ को पीटा और दिव्यांग का कान फाड़ा

अस्पताल में ‘दबंगई’: ड्राइवर का तांडव, ओपीडी स्टाफ को पीटा और दिव्यांग का कान फाड़ा

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय की ओपीडी नंबर एक उस समय अखाड़ा बन गई, जब महिला अस्पताल के एक संविदा कर्मी ने खुद को ‘स्टाफ’ बताकर कानून और कतार दोनों को ठेंगा दिखाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने न केवल ड्यूटी पर तैनात कर्मी के साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए एक मूक-बधिर (गूंगे) व्यक्ति को भी लहूलुहान कर दिया।

लाइन में लगने को कहा तो चढ़ा पारा:

घटना के अनुसार, ओपीडी नंबर एक पर मरीजों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान गौरव बालियान नाम का युवक वहां पहुंचा और खुद को महिला अस्पताल का स्टाफ बताकर जबरन अंदर घुसने लगा। ओपीडी पर तैनात स्टाफ सलमान ने जब उसे नियम का हवाला देते हुए लाइन में आने को कहा, तो गौरव आगबबूला हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत गौरव ने सलमान के साथ बदसलूकी शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतारू हो गया।

दिव्यांग भी नहीं बचा कहर से:

हैरानी की बात यह रही कि इस हंगामे के बीच वहां मौजूद एक मूक-बधिर (ग़य्यूर) व्यक्ति ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी हिंसक व्यवहार किया। मारपीट के दौरान उक्त दिव्यांग व्यक्ति का कान फट गया, जिससे अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराकर आरोपी को वहां से हटाया।

आरोपी की पहचान और प्रशासन का रुख:

जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव बालियान जिला महिला चिकित्सालय में संविदा पर ड्राइवर के पद पर तैनात है। पीड़ित सलमान का आरोप है कि गौरव अक्सर मरीजों को लेकर आता है और अपनी धौंस जमाकर नियम तोड़ते हुए जबरन ओपीडी में घुसता है। इस संबंध में वरिष्ठ फिजिशयन डॉ योगेंद्र त्रिखा ने जब महिला अस्पताल की सीएमएस आभा आत्रेय से फोन पर वार्ता की तो उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

“किसी भी कर्मचारी के साथ कार्यस्थल पर बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।” — संजीव लांबा, जिला अध्यक्ष, राजकीय कर्मचारी संयुक्त परिषद

अब होगी कानूनी कार्रवाई:

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेंद्र तिरखा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पीड़ितों (सलमान और दिव्यांग व्यक्ति) का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस में तहरीर दी जाएगी और आरोपी संविदा कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी पत्र लिखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market