मुजफ्फरनगर: थाना भोपा क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव का ही रहने वाला एक युवक न केवल नाबालिग का अपहरण किया, बल्कि घर में रखे नकदी और जेवरात भी गायब कर दिए गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक, उसके भाई और माता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सुबह घर से हुई लापता:
16 वर्षीय किशोरी के भाई ने पुलिस को बताया कि घटना 7 मई 2026 की सुबह की है। जब परिवार सुबह सोकर उठा, तो उसकी बहन घर में नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद पता चला कि गांव का ही निवासी शुभम पुत्र राजपाल उसे अपहरण कर ले गया है।
लाखों के जेवर और नकदी भी गायब:
परिजनों ने जब घर की जांच की, तो पाया कि अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और करीब सात हजार रुपये नकद गायब हैं। गायब हुए सामान की कुल कीमत लगभग 85 हजार रुपये आंकी गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को बरगलाकर घर से कीमती सामान भी साथ लाने पर मजबूर किया।
आरोपी के परिवार ने दी धमकी:
तहरीर के अनुसार, जब पीड़ित परिवार आरोपी शुभम के घर पहुंचा, तो वहां मौजूद शुभम के भाई वंश और उसकी माता पिंकी ने सहयोग करने के बजाय उनके के साथ गाली-गलौज की। उन्होंने पीड़िता को वापस करने से साफ इनकार कर दिया और वादी के परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज:
थाना भोपा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी शुभम, उसके भाई वंश और माता पिंकी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि किशोरी के अपहरण और धमकी के मामले में तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस किशोरी की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




