Home » मुजफ्फरनगर » मासूम की मौत से बुझ गया घर का इकलौता चिराग: स्कूल से ट्रैक्टर-ट्राली में लौट रहा था छात्र, ट्राली के नीचे आने से थमी सांसें

मासूम की मौत से बुझ गया घर का इकलौता चिराग: स्कूल से ट्रैक्टर-ट्राली में लौट रहा था छात्र, ट्राली के नीचे आने से थमी सांसें

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: एक पिता के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि उसका बेटा सुबह हंसते-खेलते स्कूल जाए और शाम को उसका पार्थिव शरीर घर लौटे। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के चर्चित गांव खुब्बापुर में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जहां ई-रिक्शा चार्ज न होने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली से घर भेजे गए छह वर्षीय मासूम हर्षित की गिरकर मौत हो गई।इस घटना ने जहाँ एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जब किस्मत को कुछ और ही मंजूर था…

गांव खुब्बापुर निवासी आजाद प्रजापति का छह वर्षीय पुत्र हर्षित अपनी बहन हर्षिता का इकलौता भाई था। दोनों भाई बहन पास के ही गांव जीवना स्थित मां शारदे पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। हर्षिता कक्षा तीन की छात्रा है, जबकि उसका भाई यूकेजी का छात्र था। दोनों भाई–बहन रोजाना की तरह सात मई को भी साथ में ही स्कूल की ई रिक्शा में सवार होकर स्कूल गए थे। किसी को नहीं पता था कि हर्षित और हर्षिता आखिरी बार एक साथ स्कूल जा रहे है। दिन भर मौसम खराब रहने और बिजली गुल होने के कारण स्कूल की ई-रिक्शा चार्ज नहीं हो पाई। बच्चों को घर छोड़ने के लिए स्कूल संचालक वीर सिंह ने ट्रैक्टर-ट्राली का इंतजाम किया। घर लौटते समय जीवना-खुब्बापुर मार्ग पर अचानक हर्षित ट्राली से नीचे गिर गया और ट्राली के टायर की चपेट में आ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मौके पर मची चीख-पुकार के बीच उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता का भावुक बयान: “शायद भगवान को यही मंजूर था:

जहां ऐसे हादसों के बाद अक्सर बवाल और कानूनी लड़ाइयां शुरू होती हैं, वहीं हर्षित के पिता आजाद ने जो कहा, उसने सबका दिल जीत लिया। हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित थे, लेकिन हर्षित के पिता आजाद ने गहरी सहनशीलता और सादगी का परिचय दिया। गमगीन पिता ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए कहा कि इसमें किसी की कोई गलती नहीं है, शायद भगवान को यही मंजूर था। मेरी बेटी भी साथ थी, उसने बताया कि ट्रैक्टर की गति तेज नहीं थी, अचानक हर्षित कैसे गिर गया, उसे भी नहीं पता। शायद खुदा को यही मंजूर था, मैं किसी पर कोई कार्रवाई नहीं चाहता। “आजाद ने इसे एक ‘बदकिस्मत हादसा’ मानते हुए किसी को भी दोषी ठहराने से इनकार कर दिया है।”

स्कूल की मान्यता और व्यवस्था पर उठे सवाल:

​इस हादसे के बाद गांव में स्कूल को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल की मान्यता और उसके एक निजी मकान में संचालित होने पर सवाल उठाए हैं। घटना के बाद से स्कूल बंद है, जिससे अन्य अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

अधिकारियों का रुख:

स्कूल संचालक वीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि स्कूल केवल शोक प्रकट करने के लिए बंद रखा गया है। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप चौहान का कहना है कि वे मामले की जांच करेंगे कि स्कूल किन परिस्थितियों और किन मानकों पर घर के भीतर संचालित हो रहा है।

संपादकीय टिप्पणी:

यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि ग्रामीण अंचलों में संसाधनों की कमी किस तरह मासूमों की जान पर भारी पड़ जाती है। हालांकि पिता ने इसे नियति मान लिया है, लेकिन यह सवाल अभी भी खड़ा है कि क्या बच्चों के परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्राली एक सुरक्षित विकल्प था?

साल 2023 में चर्चाओं में आया था गांव खुब्बापुर:

यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर में स्थित गांव खुब्बापुर साल 2023 में खूब चर्चाओं में आया था। जिसको लेकर सियासत भी काफी गरमाई थी। गांव में स्थित घर में चल रहे निजी स्कूल नेहा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका ने कक्षा के छात्रों से एक सहपाठी को थप्पड़ लगवाए थे, जो एक समुदाय विशेष का था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने छात्र की शिक्षा, ट्यूशन फीस, यूनिफॉर्म और स्कूल पूरी होने तक परिवहन शुल्क का खर्च वहन करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market