Home » राजनीति » मौर्य, राजभर और निषाद… तीनों पिछड़ों के नाम पर भाजपा के ‘गुलाम’: पचेंडा की PDA पंचायत में गरजे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा

मौर्य, राजभर और निषाद… तीनों पिछड़ों के नाम पर भाजपा के ‘गुलाम’: पचेंडा की PDA पंचायत में गरजे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा

Facebook
X
WhatsApp

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के सियासी समर में मुजफ्फरनगर की पुरकाजी विधानसभा एक बार फिर बड़े राजनीतिक अखाड़े के रूप में तब्दील हो गई है। ग्राम पचेंडा स्थित ‘शहीद बच्चन सिंह एवं स्वर्गीय अरुण पहलवान अखाड़ा सेवा समिति (युधिष्ठिर अखाड़ा)’ में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित ‘PDA पंचायत’ में सपा नेताओं ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ तीखा मोर्चा खोला। पुरकाजी से सपा उम्मीदवार डॉ. मोनिका सिंह के संयोजन में आयोजित इस पंचायत में पूर्व मंत्री से लेकर जिलाध्यक्ष तक ने भाजपा पर तीखा हमला बोला।

जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने उठाए सवाल:

पंचायत में विशिष्ट वक्ता के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष जिया चौधरी ने अपने तीखे और आक्रामक तेवरों से भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की महंगाई को लेकर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। जिया चौधरी ने जनता को आगाह करते हुए कहा, “भाजपा ने देश की जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें आम आदमी की कमर तोड़ रही हैं। ये लोग जनता का ध्यान भटकाकर सिर्फ चुनाव जीतने के हथकंडे अपनाते हैं। हमें अपनी ‘वोट की ताकत’ को पहचानना होगा। राम मंदिर चंदे की कथित चोरी के मामले पर बोलते हुए जिया चौधरी ने कहा कि आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों का असली चेहरा अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।

भाजपा के गुलाम बन चुके हैं ‘राजभर और मौर्य’:राम आसरे विश्वकर्मा

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और भाजपा के सहयोगी पिछड़े नेताओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “राजभर, केशव प्रसाद मौर्य और संजय निषाद सिर्फ नाम के लिए पिछड़ों के नेता के रूप में हैं, असल में ये सब भाजपा के गुलाम हैं। राजभर को रोजाना भाजपा की तरफ से एक पर्चा लिखकर थमा दिया जाता है कि आज उन्हें क्या बोलना है। जो व्यक्ति ठीक से मोबाइल और सोशल मीडिया चलाना नहीं जानता, वह इतनी बड़ी-बड़ी बातें कैसे कर सकता है? चंदा चोरी के महा-प्रकरण से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए राजभर को आगे कर दिया जाता है। दुनिया के सनातनी आज चंदा चोरों पर थू-थू कर रहे हैं।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांवों में जाकर अपनी वोटर लिस्ट और बूथ कमेटियों को तुरंत दुरुस्त करें ताकि मुजफ्फरनगर की सभी 6 सीटों पर सपा का परचम लहरा सके।

NEET परीक्षा और युवाओं के भविष्य पर गहरा रोष

नेताओं ने नीट (NEET) परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के मामलों पर सरकार को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर रही है। देश का युवा इस तानाशाही का जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करके और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर देगा।

डॉ. मोनिका सिंह ने झोंकी पूरी ताकत, दिग्गज नेता रहे मौजूद

पुरकाजी विधानसभा से सपा की उम्मीदवार डॉ. मोनिका सिंह ने पंचायत का सफल संचालन और संयोजन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लोक-कल्याणकारी संदेश को लेकर वे लगातार हर गांव और घर-घर तक पहुंच रही हैं। जनता बदलाव के लिए तैयार है और पुरकाजी से सपा की ऐतिहासिक जीत तय है।

मंच पर मौजूद रहे ये प्रमुख दिग्गज:

इस पंचायत में डॉ. सत्येंद्र पाल (प्रदेश उपाध्यक्ष, शिक्षक सभा), साजिद हसन, चौधरी ईलम सिंह, लोकेंद्र सिंह,  युधिष्ठिर पहलवान (अखाड़ा संचालक एवं सपा नेता), कमर रफ़ी के अलावा भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने एक सुर में आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Gold and Silver price

Share Market